भोपाल –सर्वहारा वर्ग के नेता रहे, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे विभिन्न शासकीय एवं संगठन स्तर के पदों को सुशोभित करने वाले स्वर्गीय दाऊ साहब कुंवर अर्जुन सिंह की 13 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने आज राजधानी के व्यापमं चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। तत्पश्चात कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।

दाऊ साहब अर्जुन सिंह के करीबी रहे पूर्व महापौर दीपचंद यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान ने दाऊ साहब की कार्यशैली का बखान करते हुए कहा कि वे प्रदेश ही नहीं देश के लिए सर्वहारा वर्ग के नेता थे। ठोस निर्णय और पारखी सूझ बूझ के साथ शासन-प्रशासन और संगठन को चलाने की कुशल क्षमता उनमें विद्यमान थी। अर्जुन सिंह ने प्रदेश के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई, जिसमें तेंदूपत्ता संग्रहण प्रमुख है। जहां एक ओर गरीबों के लिए तो वहीं मध्यम वर्ग और सामान्य वर्ग के लिए भी समानता का दर्जा देने का कार्य अपने कार्यकाल में दाऊ साहब ने किया और प्रदेश को विकास की पटरी पर ले जाने में सफल रहे।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह, प्रकाश जैन, जे.पी. धनोपिया, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद तारण, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, छात्र संगठन जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी संबोधित करते हुये दाऊ साहब के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारीगण सर्वश्री मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव, ए.बी. खान, अनिल मार्टिन, बाहिद खान, मुईनउद्दीन सिद्धीकी, मुजफ्फर अली, साबिर खान, अजय तिवारी धर्मेंद्र विजयवर्गिय ,राजेशसेलवाराजसहित दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Good