चोरी की बाइक पर शराब ले जाता युवक गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला- आठ बाइक, एक ऑटो चुराया

पुलिस ने चोरी की बाइक पर शराब परिवहन करते हुए एक शातिर बदमाश को पकड़ा है। उसने पूछताछ में कबूल किया कि उसने आठ बाइक और एक ऑटो चुराया था। पुलिस ने दो खरीदारों को भी गिरफ्तार किया है।

Ujjain News: Youth carrying liquor on stolen bike arrested, confessed during interrogation – stole eight bikes

चोरी की बाइक पर शराब का परिवहन करते पकड़े गए शातिर बदमाश से वाहन चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। नानाखेड़ा पुलिस ने आठ बाइक के साथ एक ऑटो बरामद कर चोरी की बाइक खरीदने वाले दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नानाखेड़ा थाना पुलिस को बाइक से अवैध शराब का परिवहन होने की सूचना मिली थी। पुलिस में तारामंडल के पास बिना नंबर की बाइक पर सवार संतोष पिता कन्हैयालाल मालवीय (44) निवासी महाशक्ति नगर को हिरासत में लिया था। अवैध शराब के साथ बिना नंबर की बाइक के संबंध में पूछताछ करने पर सामने आया कि बाइक एक माह पहले नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित विजयवर्गीय धर्मशाला के सामने से चोरी की गई थी। बाइक चोरी का खुलासा होते ही शहर में हो रही वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ करने पर बदमाश बड़ा वाहन चोर होना सामने आया। उसके खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के आठ प्रकरण दर्ज थे। सख्त पूछताछ करने पर उसकी निशानदेही पर आठ बाइक और एक ऑटो बरामद हो गया।

रात को चुराता था मोटरसाइकिल और अन्य वाहन
बदमाश ने दो बाइक और ऑटो नानाखेड़ा थाना, चार बाइक माधवनगर, एक-एक बाइक नीलगंगा और जीवाजीगंज थाना क्षेत्र से चोरी की थी। वाहन चोरी को बदमाश रात में अंजाम देता था और लॉक तोड़कर ले जाता था। एसपी शर्मा के अनुसार बरामद किए गए वाहनों की कीमत छह लाख रुपये होना सामने आई है। वाहन चोर को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार के इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।

सीहोर में ठिकाने लगाता था बाइक
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि बदमाश ने पूछताछ में चोरी की बाइक सीहोर के गैरेज संचालक दीपक पिता बाबूलाल नायक को ठिकाने लगाने की जानकारी दी थी। इसके आधार पर एक टीम सीहोर भेजी गई, जहां से गैरेज संचालक के साथ चोरी की बाइक खरीदने वाले हरेंद्रसिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया है। बदमाश के साथ गैरेज संचालक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वाहन चोर को गिरफ्तार करने के साथ गैरेज संचालक और खरीदार को गिरफ्तार करने में एसआई अनिल ठाकुर, एएसआई सतीश नाथ समेत अन्य की भूमिका रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *