एसपी के ऑफिस पर हमला 400 लोगों की भीड़ ने तोड़फोड़ की, पुलिस वाहनों में आग लगाई; 2 की मौत, 25 घायल


चुराचांदपुर/इम्फाल– मणिपुर के चुराचांदपुर में गुरुवार की देर रात 300-400 लोगों की भीड़ ने SP ऑफिस पर हमला कर दिया। लोगों ने SP ऑफिस पर पथराव करते हुए आगजनी भी की।जवाब में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) सहित दूसरे सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे। घटना में 2 लोगों की मौत हो गई। करीब 25 लोग घायल हैं। दोनों मृतक हमले में शामिल लोग बताए गए हैं।मणिपुर पुलिस ने बताया कि चुराचांदपुर SP शिवानंद सुर्वे ने हेड कॉन्स्टेबल सियामलालपॉल को निलंबित किया था, जिसके विरोध में लोगों ने यह हमला किया गया।पुलिस के मुताबिक, 14 फरवरी को हेड कॉन्स्टेबल का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वो हथियारबंद लोगों के साथ दिखाई दिए थे। इसके बाद SP ने उनके खिलाफ एक्शन लिया था।


मंगलवार को इंफाल में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर-IRB पोस्ट पर हमला हुआ था
मणिपुर के इम्फाल ईस्ट में मंगलवार को फिर हिंसा भड़क उठी थी। गोलीबारी में एक की मौत हो गई और 3 लोग घायल हुए थे। उपद्रवियों ने पेंगेई के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में हमला किया और हथियार लूटने की कोशिश की थी।इसके अलावा तेजपुर इलाके में इंडिया रिजर्व बटालियन की पोस्ट पर भी हमला किया गया। यहां स 6 AK-47, 4 कार्बाइन, 3 राइफल, 2 LMG और कुछ ऑटोमैटिक हथियार भी लूटे गए। गोलीबारी, हमले और हथियारों की लूट के वीडियो भी सामने आए।


हिंसा के बाद ड्रोन फुटेज में डेडबॉडी ले जाते दिखे उपद्रवी
हिंसा के बाद का ड्रोन फुटेज सामने आया है। इसमें पहाड़ी पर मौजूद लोग अपने घायल और मृत साथियों को ले जाते नजर आ रहे हैं। हिंसा में मरने वाले शख्स की पहचान 25 साल के सागोलसेम लोया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घायल हुए लोगों में से एक को पैर में और एक को कंधे में गोली लगी। हालांकि वे खतरे से बाहर हैं। घायल हुए लोग मैतई समुदाय के हैं या कुकी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
शांतिपुर इरिल नदी के पास जब गोलीबारी शुरू हुई तो वहां कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। उन पर भी हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं। घबराए हुए बच्चे अपनी जान बचाने के लिए झाड़ियों में छिप गए। इस दौरान वह घायल हो गए। बच्चों का भी वीडियो सामने आया है, जिसमें उनके पैरों में जख्म नजर आ रहे हैं। बच्चे रो रहे हैं और आस-पास गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दे रही है।दरअसल, इम्फाल ईस्ट के खामेनलोक में जहां यह घटना हुई, वह मैतई बहुल इलाका है। इसके पास ही कांगपोकपी इलाका है, जो कुकी बहुल इलाका है। दोनों गुटों के बीच पहले भी हिंसा हुई है।
मणिपुर में सुरक्षाबलों पर हुआ था हमला
मणिपुर के थौबल जिले में उपद्रवियों ने 17 जनवरी को पुलिस हेडक्वार्टर पर हमला किया था। उपद्रवी भीड़ की तरफ से की गई फायरिंग में तीन जवान घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार भीड़ ने पहले हेडक्वार्टर में दाखिल होने की कोशिश की थी। जब पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया, तो भीड़ के बीच से कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग कर दी।इस हमले में घायल जवानों की पहचान कॉन्स्टेबल गौरव कुमार, ASI सोबराम सिंह और ASI रामजी के तौर पर हुई थी। घटना के बाद जिला प्रशासन ने थौबल में कर्फ्यू लगा दिया था। हालांकि हेल्थ, मीडिया सहित जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और कोर्ट के कामकाज में शामिल लोगों समेत हवाई अड्डों पर जाने वाले यात्रियों को कर्फ्यू के दायरे से छूट दी गई थी।
मणिपुर में अब तक 200 से ज्यादा मौतें, 1100 घायल
राज्य में 3 मई 2023 से कुकी और मैतेई के बीच जारी जातीय हिंसा में 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राज्य में अब तक 65 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
मणिपुर CM बोले- 1961 के बाद आए लोगों को बाहर निकालेंगे
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोमवार (12 फरवरी) को ऐलान किया था कि 1961 के बाद राज्य में आए लोगों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा- 1961 के बाद मणिपुर आने और बसने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। वे किसी भी जाति या समुदाय के हों, उन्हें बाहर किया जाएगा।मणिपुर सरकार का ये फैसला राज्य के स्थानीय जाति समूहों के लोगों की रक्षा को लेकर उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है। राज्य में मई 2023 से सांप्रदायिक हिंसा जारी है। CM बीरेन ​​​​ने हिंसा के लिए ड्रग माफिया और अवैध प्रवासियों, खासकर म्यांमार के शरणार्थियों को दोषी ठहराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *